सितारगंज पुलिस ने बरामद किए 12 मोबाइल, मालिकों को लौटाए।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। क्षेत्रवासियों के चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर सितारगंज पुलिस ने उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने करीब 12 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे। इनमें कई मोबाइल ऐसे भी थे, जो छह महीने, एक साल और यहां तक कि दो साल पहले चोरी या गुम हुए थे। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
मोबाइल लेने पहुंचे लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने लंबे समय बाद उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल पाएंगे। उन्होंने कहा कि सितारगंज पुलिस ने मेहनत और तत्परता दिखाते हुए मोबाइल तलाशकर उन्हें वापस किए हैं।
बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस दौरान कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
मोबाइल वापस मिलने के बाद क्षेत्रवासियों ने सितारगंज कोतवाली पुलिस का धन्यवाद करते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की।

