स्कूली वाहनों पर यातायात पुलिस की सख्ती, नियम तोड़ने वालों के काटे चालान
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
हल्द्वानी। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर यातायात पुलिस हल्द्वानी ने मंगलवार सुबह विभिन्न स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित स्कूली वाहनों की गहनता से जांच की। इस दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान जिन वाहनों में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

