भारी बारिश से कल्पेश्वर नाथ मंदिर परिसर में घुसा मलबा, भूस्खलन से नुकसान।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
चमोली। पंच केदारों में प्रसिद्ध कल्पेश्वर नाथ मंदिर में देर रात हुई भारी बारिश के चलते भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के कारण बड़ी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर में पहुंच गया, जिससे मंदिर के आसपास काफी नुकसान हुआ है।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर में जमा मलबे को हटाने का काम शुरू किया। रातभर हुई तेज बारिश के कारण क्षेत्र में हालात बिगड़ गए।
मंदिर समिति के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि देर रात हुई तेज बारिश के कारण पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर में आ गया। इससे मंदिर परिसर में काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं राहत कार्य जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

