नैनीताल में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 9 दुकानों का निरीक्षण; 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल, 3 सितंबर। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा अजब सिंह रावत के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों से 7 विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें सूजी, साबूदाना, ओट्स, सरसों का तेल, कोकोनट वाटर, स्प्राइड और थम्सअप कार्बोनेटेड पेय पदार्थ शामिल हैं। सभी नमूनों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विश्लेषण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबार से जुड़े 3 कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध वाद स्वीकृति भी दी गई है। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और उचित स्थान पर ढक्कनयुक्त कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके तहत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खां और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नन्दकिशोर मौजूद रहे।

