स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा, मुख्यमंत्री ने उचित कार्रवाई का दिया भरोसा
देहरादून। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति, हरिद्वार के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रित परिवारों से जुड़े विभिन्न विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले राष्ट्र के महान नायक हैं। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना हर नागरिक का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान व कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की ओर से स्वतंत्रता सेनानी सम्मान पेंशन के साथ ही उनके आश्रित परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों और उनके योगदान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके नाम पर स्मारकों और अन्य सम्मानजनक पहलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि का स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरकार का प्रयास है कि उनके योगदान को इतिहास और जनमानस में हमेशा जीवंत रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके उत्तराधिकारी परिवारों से जुड़े जायज मामलों का नियमों के अनुरूप प्राथमिकता से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान और हितों के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुरेश चंद्रा सुयाल, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य सिंह सहित स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

