उत्तराखण्ड न्यूज हल्द्वानी

SIR-2026: राजनीतिक दलों के सवालों का किया गया निस्तारण, बारिश से प्रभावित मतदाताओं को 10-11 सितंबर तक अतिरिक्त अवसर।

SIR-2026: राजनीतिक दलों के सवालों का किया गया निस्तारण, बारिश से प्रभावित मतदाताओं को 10-11 सितंबर तक अतिरिक्त अवसर।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

7, 8 और 9 सितंबर तक जारी रहेगी सुनवाई, 15 सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन

 

 

 

हल्द्वानी, 7 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। इस दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने प्रतिनिधियों के सवालों और समस्याओं का निस्तारण किया।

 

 

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक बैठक की जा रही है। बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ERO भी मौजूद रहे। प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए प्रश्नों और समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

 

 

 

उन्होंने बताया कि कुछ राजनीतिक दलों की ओर से बारिश के कारण सुनवाई प्रभावित होने और कुछ मतदाताओं के हियरिंग में उपस्थित नहीं हो पाने की बात रखी गई थी। इस पर बताया गया कि 6, 7 और 8 सितंबर की सुनवाई में अनुपस्थित रहने वाले मतदाता अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं। जो लोग 8 सितंबर को भी नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए 9 सितंबर तक अवसर रहेगा। इसके बाद भी जो मतदाता सुनवाई में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें 10 और 11 सितंबर को अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा।

 

 

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्तर से सुनवाई की निर्धारित तिथि बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है। 7, 8 और 9 सितंबर को निर्धारित सुनवाई प्रक्रिया जारी है और 9 सितंबर को मुख्य सुनवाई समाप्त हो जाएगी।

 

 

 

अधिकारियों ने अपील की है कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी हुए हैं, वे अपनी समस्या अपने संबंधित ARO के समक्ष रख सकते हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

अधिकारियों के अनुसार जनपद में कुल 6,93,325 मतदाताओं में से 2,35,000 जारी नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। SIR-2026 के तहत अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

 

 

 

बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित कांग्रेस, भाजपा, बसपा समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।