रामनगर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार, 780 कैप्सूल-टैबलेट बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “Drug Free Devbhoomi” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने रामनगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान टुक-टुक संख्या UK19ER0501 में सवार नदीम (29) पुत्र मौ. अजीम, निवासी उत्तरी खताड़ी, रामनगर को टेड़ा गांव जाने वाले मार्ग पर शमशान घाट से करीब 200 मीटर पहले गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 240 कैप्सूल Tramadol Hydrochloride (Spasp Rox Capsules) और 540 टैबलेट Alpra 20 Lam बरामद कीं। इसके अलावा आरोपी के पास से 2,820 रुपये नकद भी मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नकदी को नशीली दवाओं की बिक्री से अर्जित करना बताया।
मामले में कोतवाली रामनगर में मु0अ0सं0 296/2026, धारा 8/22/27/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र राजपूत, चौकी प्रभारी छोई, हेड कांस्टेबल नवीन पांडे, कांस्टेबल जसवीर सिंह और कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह शामिल रहे।

