मैरिज हॉल में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में की गई।
दोनों गल्ले तोड़कर उड़ाई थी नकदी
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को मो. अमान निवासी किदवई नगर ने थाना बनभूलपुरा में तहरीर दी थी। बताया गया था कि शनि बाजार रोड स्थित रेलवे फाटक के पास हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
तहरीर के आधार पर थाना बनभूलपुरा में मु0अ0सं0 156/2026, धारा 305(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई पुष्कर आर्या को सौंपी गई।
पुलिया के नीचे से पकड़े गए आरोपी
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सुरागरसी और लगातार प्रयासों के बाद 27 सितंबर 2026 को गोला बायपास रोड स्थित हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) निवासी इंद्रानगर, बनभूलपुरा और मौ. मुस्तफा (26) निवासी छोटी रोड, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
यह रही पुलिस टीम
चोरी के खुलासे में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

