कॉर्बेट से राजाजी भेजे जाएंगे पांच और बाघ, दूसरे चरण को NTCA और केंद्र की मंजूरी।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के स्थानांतरण की प्रक्रिया अब दूसरे चरण में पहुंच गई है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) और भारत सरकार से दूसरे चरण के लिए मंजूरी मिलने के बाद कॉर्बेट से एक नर और चार मादा समेत पांच और बाघों को राजाजी टाइगर रिजर्व भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
इससे पहले स्थानांतरण के पहले चरण में कॉर्बेट से दो नर और तीन मादा समेत पांच बाघों को राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी क्षेत्र में सफलतापूर्वक स्थानांतरित किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में पांच और बाघों को राजाजी भेजा जाएगा। इसके बाद दोनों चरणों में कॉर्बेट से राजाजी पहुंचने वाले बाघों की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे चरण के लिए बाघों का चयन ऐसे क्षेत्रों से किया जाएगा, जहां मानव-वन्यजीव संघर्ष का जोखिम अधिक है। फिलहाल चयनित बाघों की पहचान और उनके सुरक्षित स्थानांतरण को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ उनकी आनुवंशिक विविधता को मजबूत करना है। वहीं, कॉर्बेट के संवेदनशील इलाकों से बाघों के स्थानांतरण के जरिए मानव-वन्यजीव संघर्ष के जोखिम को कम करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

