एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को अधिकारियों ने ब्रीफ करते हुए पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले SP क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, SP सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और SP संचार रेवाधर मठपाल ने निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग की।
बाहरी तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर
SSP ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति, बाहरी या अराजक तत्व द्वारा छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, विवाद उत्पन्न करने अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसकी आड़ में हिंसा, हुड़दंग, धमकी, दबाव अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चेकिंग से लेकर ड्रोन निगरानी तक
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वार, बैरियर, मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग-फ्रिस्किंग के निर्देश दिए हैं। ड्रोन टीमों से लगातार निगरानी कराई जाएगी, जबकि मोबाइल पुलिस टीमें क्षेत्र में गश्त करती रहेंगी। जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने पर विशेष फोकस किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डाइवर्जन प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मतगणना केंद्र पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखेगी और अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा बल तैनात किया है। इसमें 6 राजपत्रित अधिकारी, 9 इंस्पेक्टर, 10 SO/SSI, 37 IC/OP/SI, 16 LSI, 30 अतिरिक्त SI, 33 हेड कांस्टेबल, 3 महिला हेड कांस्टेबल, 77 कांस्टेबल, 34 महिला कांस्टेबल, एक एंटी-रायट टीम, एक टियर गैस टीम, दो फायर यूनिट तथा IRB/PAC की एक कंपनी (डेढ़ सेक्शन) शामिल है।
कॉलेज परिसर में किया फ्लैग मार्च
पुलिस ब्रीफिंग के बाद एमबीपीजी कॉलेज और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस के मुताबिक फ्लैग मार्च का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था के प्रति स्पष्ट संदेश देना है।
फ्लैग मार्च और ब्रीफिंग के दौरान SP क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, SP सिटी/हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, SP संचार रेवाधर मठपाल, CO हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, CO लालकुआं विमल प्रसाद और मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कर्मचारी मौजूद रहे।

