वीकेंड पर कैंची धाम और नैनीताल में ट्रैफिक प्लान लागू, ग्राउंड जीरो पर उतरे पुलिस अधिकारी।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और नैनीताल में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। 10 और 11 अक्टूबर को श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा और सुरक्षित दर्शन के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अधिकारी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
पार्किंग और शटल सेवा पर विशेष जोर
वीकेंड पर वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित पार्किंग कराई जा रही है। पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है, ताकि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
एंट्री पॉइंट पर वाहनों को लगाए जा रहे स्टीकर
यातायात प्लान के तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अनाउंसमेंट के माध्यम से पार्किंग स्थलों, शटल सेवा और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही एंट्री पॉइंट पर वाहनों पर स्टीकर लगाने की व्यवस्था भी जारी है, जिससे यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके।
पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे हैं। वहीं, अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि वीकेंड के दौरान यातायात सुचारू रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सके।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।






