मुखानी में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़, सरगना समेत छह गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी, 6 सितंबर। नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराधियों और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखानी क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह पिछले करीब चार महीनों में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी कर चुका है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में मुखानी पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 5/6 सितंबर की रात लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से साइबर वित्तीय नेटवर्क का संचालन कर रहे राहुल यादव निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी बिना वैध दस्तावेज और पर्याप्त केवाईसी के बैंक खातों का इस्तेमाल कर अवैध धनराशि की लेयरिंग करते थे। गिरोह स्थानीय युवाओं को तीन प्रतिशत कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल करता था। इसके बाद म्यूल खातों से एटीएम के जरिए नकदी निकाली जाती और अधिक रकम होने पर सीडीएम के माध्यम से अन्य खातों में जमा या ट्रांसफर की जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का मुख्य संचालक बाइनेंस ऐप के माध्यम से USDT खरीदता था और टेलीग्राम के जरिए प्राप्त ‘UMASTER’ ऐप पर प्रतिदिन लाखों रुपये मूल्य की USDT बेचता था। आरोप है कि इस प्रक्रिया में तीन प्रतिशत अतिरिक्त मुनाफे और बोनस का लालच दिया जाता था। खाताधारकों के सिम कार्ड भी आरोपी अपने पास रखते थे, ताकि बैंक खातों पर उनका नियंत्रण बना रहे।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव (30) को गिरोह का मुख्य संचालक बताया गया है। इसके अलावा हर्षित कुमार, कमल गोस्वामी, साहिल कुमार, मौ. अयान और मौ. शुभान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1,18,800 रुपये नकद, एक डेल लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, 11 स्मार्टफोन, विभिन्न बैंकों के 24 सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 सक्रिय सिम कार्ड, छह चेकबुक, चार पासबुक और 16 बैंक जमा/सीडीएम पर्चियां बरामद की हैं।
मामले में कोतवाली मुखानी में मु0अ0सं0 141/2026, धारा 66(C), 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा धारा 3(5), 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। दोनों विधि-विवादित किशोरों को बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के संरक्षण में आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया है।
एसएसपी नैनीताल ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या चेकबुक न दें। साइबर अपराध में खाते का इस्तेमाल पाए जाने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई है।

