रामनगर डिग्री कॉलेज के प्राचार्य को जिंदा जलाने की धमकी, तीन आरोपी हिरासत में।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। डिग्री कॉलेज रामनगर के प्राचार्य को तेल डालकर आग लगाने की धमकी देने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के मामले में नैनीताल पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को रामनगर डिग्री कॉलेज में शासन के निर्देश पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग शामिल होने वाले थे। इसका उद्देश्य जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करना था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी का वीडियो
कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तीन युवक पूर्व छात्रसंघ चुनाव को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत करते नजर आए। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवकों ने अगले दिन सुबह 10:30 बजे एकत्र होकर ज्ञापन देने और कार्रवाई नहीं होने पर कॉलेज के प्राचार्य पर तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस ने इस मामले में कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 319/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 224 और 351(1) में अभियोग पंजीकृत किया।
तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, मामले में अनस पुत्र जुल्फकार सिद्दीकी निवासी शक्तिनगर पूछड़ी, रामनगर (21 वर्ष), कल्पित बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह बिष्ट निवासी किशनपुर छोई, रामनगर (26 वर्ष) और सानिब सिद्दीकी पुत्र अजीम निवासी टांडा, रामनगर (24 वर्ष) को नामजद किया गया है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और इस तरह की धमकियां देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
— नैनीताल पुलिस






