स्कूटी की डिक्की में शराब रखकर बेचने वाला गिरफ्तार, 65 क्वार्टर बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
पुलिस ने पीछा कर आरोपी को घर से दबोचा, स्कूटी भी कब्जे में ली
लालकुआं। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिंदुखत्ता पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कूटी और उसके घर के स्टोर रूम से कुल 65 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता चौकी पुलिस टीम 19 अगस्त को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कमल गढ़िया अपने होटल फैमिली रेस्टोरेंट के सामने स्कूटी संख्या UK06M-3175 से अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला और अपने घर चला गया।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता स्थित आरोपी के घर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से 17 क्वार्टर तथा आरोपी की निशानदेही पर घर के स्टोर रूम से 48 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 65 क्वार्टर में रॉयल स्टैग और प्रेस्टीज ब्रांड की शराब शामिल थी।
पुलिस ने आरोपी कमल गढ़िया पुत्र शेर सिंह, निवासी राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता, कोतवाली लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 127/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।

