त्योहारों के मद्देनजर हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष कार्रवाई, पनीर समेत चार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में सोमवार को विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा एवं रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए। इन नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।

