उत्तराखण्ड देहरादून नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस की मानवीय पहल, 86 लोगों को अपनों और सामान से मिलाया।

नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस की मानवीय पहल, 86 लोगों को अपनों और सामान से मिलाया।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव में नैनीताल पुलिस सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा में भी जुटी हुई है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में मेले में बनाए गए खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम के माध्यम से अब तक 86 लोगों को सहायता पहुंचाई गई है।

 

 

 

खोया-पाया केंद्र की टीम ने मेले में अपने परिजनों से बिछड़े 10 बुजुर्गों को सकुशल उनके परिवार से मिलाया। वहीं 47 बच्चों को भी उनके माता-पिता और परिजनों से मिलाया गया। इसके अलावा 29 लोगों के खोए हुए पर्स, चाबी, मोबाइल, नगदी, बैग और अन्य सामान बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

 

 

 

पुलिस की इस त्वरित पहल से अपनों और जरूरी सामान के वापस मिलने पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी लौट आई। पुलिस का कहना है कि महोत्सव में सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

 

 

 

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी और सीओ भवाली रविकांत सेमवाल लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी लगातार परखा जा रहा है।

 

 

 

मेले में सादे कपड़ों में पुलिस टीमों को भी तैनात किया गया है, जो संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ और सत्यापन भी किया जा रहा है।

 

 

 

अनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं को किया जा रहा जागरूक

 

 

 

कंट्रोल रूम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

 

 

 

खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम की टीम में तैनात एएसआई किरण गोस्वामी, एएसआई जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल नीलम और हेड कांस्टेबल निहाल लगातार अनाउंसमेंट के साथ बिछड़े परिजनों और खोए सामान को उनके स्वामियों तक पहुंचाने में जुटे हैं।

 

 

 

पुलिस अधिकारियों ने की खरीदारी, व्यापारियों का बढ़ाया उत्साह

 

 

 

मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में स्थानीय और दूर-दराज से पहुंचे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने भी मेले में खरीदारी की। पुलिस अधिकारियों की इस पहल से व्यापारियों का मनोबल बढ़ा और मेले में सेवा के साथ स्थानीय कारोबार को भी प्रोत्साहन मिला।