मंडी समिति में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। मंडी समिति रामनगर में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति में दुकानों, नीलामी चबूतरों एवं अन्य संपत्तियों के आवंटन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी रामनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
कांग्रेस कार्यालय में एकत्र कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। यहां पूर्व विधायक रणजीत रावत ने आरोप लगाया कि मंडी समिति में नवनिर्मित दुकानों, नीलामी चबूतरों एवं अन्य आवंटनों को लेकर आढ़तियों, छोटे दुकानदारों और श्रमिकों में असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि आवंटन में 10 लाख से 30 लाख रुपये तक की मोटी रकम लिए जाने की चर्चा है।
रणजीत रावत ने मंडी समिति के बगीचे को कथित तौर पर 30 वर्षों के लिए मोटी रकम लेकर लीज पर दिए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है और भ्रष्टाचार के आरोप सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि मंडी समिति से जुड़े आरोपों की किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष देशबंधु रावत, मलधन ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश, भुवन पांडे, जिला उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सतेश्वरी रावत, बीना रावत, ममता आर्य, गिरधारी लाल, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार, अमरजोत, ललित जोशी, प्रदेश महासचिव चांद खान, जिला महासचिव मो. यूसुफ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

