उत्तराखण्ड नैनीताल वाइरल ख़बर शिक्षा

विश्वकर्मा जयंती पर नैनीताल पुलिस ने की शस्त्रों और उपकरणों की पूजा।

विश्वकर्मा जयंती पर नैनीताल पुलिस ने की शस्त्रों और उपकरणों की पूजा।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को नैनीताल पुलिस ने पुलिस लाइन सहित जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस इकाइयों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों एवं उपकरणों की पूजा-अर्चना की।

 

 

 

पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। इस दौरान शस्त्रागार, संचार शाखा और परिवहन शाखा में उपयोग होने वाले उपकरणों एवं मशीनों को सजाकर पूजा-अर्चना की गई। पुलिसकर्मियों ने शस्त्रों एवं उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता और सुचारु संचालन के लिए प्रार्थना की।

 

 

 

पूजन कार्यक्रम में एसपी ऑफिस/संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, आरआई संचार राजकुमार बिष्ट, एसआई एमटी दलजीत मर्तोलिया, आरमोरर मंगल सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद और मिष्ठान वितरित किया गया।

 

 

 

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र एवं उपकरण जनसेवा और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण साधन हैं। इनका सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग प्रत्येक पुलिसकर्मी के कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

 

 

जिले के सभी थानों और इकाइयों में हुआ पूजन

विश्वकर्मा जयंती पर जिले के सभी पुलिस थानों, चौकियों और अन्य इकाइयों में भी पूजा-अर्चना की गई। कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता सहित पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके अलावा विभिन्न पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप एवं कार्यस्थलों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों और उपकरणों का पूजन कर उनकी सुरक्षा एवं सुचारु संचालन की कामना की गई।