उत्तराखण्ड

पंजाबी गौरव सम्मेलन में बोले CM धामी- राष्ट्र निर्माण और तराई के विकास में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय।

पंजाबी गौरव सम्मेलन में बोले CM धामी- राष्ट्र निर्माण और तराई के विकास में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में सिख और पंजाबी समाज के राष्ट्र निर्माण एवं तराई क्षेत्र के विकास में योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर कार्यक्रम स्थल “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों से गूंज उठा और सिख समाज की ओर से उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी समाज की संस्कृति, सेवा, साहस, मेहनत और राष्ट्रभक्ति देश की ताकत का प्रतीक है। सिख गुरुओं का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष, मानवता की सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि खेती, उद्योग, व्यापार, देश की रक्षा और आपदा के समय सेवा कार्यों में पंजाबी एवं सिख समाज का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

 

 

 

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड और सिख समाज का गहरा आध्यात्मिक संबंध है। हेमकुंड साहिब और रीठा साहिब प्रदेश की महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहरें हैं। उन्होंने बताया कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ चुका है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान होगी।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस सहित विभिन्न पहलों का उल्लेख किया।

 

 

 

उन्होंने युवाओं से गुरुओं के जीवन से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा विकसित उत्तराखंड बनाना है, जहां आधुनिकता के साथ संस्कार और विकास के साथ विरासत का सम्मान हो।

 

 

 

इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सिख समाज के राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

 

 

 

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, त्रिलोक चीमा, अरविंद पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।