सीएम धामी ने देखी आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’, नीम करौली बाबा की भक्ति और सेवा भावना से हुए अभिभूत।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में प्रसिद्ध संत एवं आध्यात्मिक विभूति नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म में बाबा की भक्ति, सेवा भावना और आध्यात्मिक यात्रा को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म देखने के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। कैंची धाम आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि संतों के जीवन और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मानवीय मूल्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।
उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई थी।

