उत्तराखण्ड जनहित न्यूज राजनीति शिक्षा हल्द्वानी

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच शुरू हुआ मतदान, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों से निगरानी।

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच शुरू हुआ मतदान, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों से निगरानी।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार, 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मतदान के लिए कॉलेज पहुंच रहे हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निर्विवाद संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

 

 

 

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में कॉलेज परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल मौके पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

 

 

 

सुरक्षा व्यवस्था के तहत वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, एलआईयू और फायर सर्विस की टीमें भी तैनात की गई हैं। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन लागू किया गया है।

 

 

 

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों के माध्यम से पूरे चुनाव क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।

 

 

 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।