नैनीताल पुलिस ने हर्षोल्लास से मनाया हरियाली तीज महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस परिवार की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के उद्देश्य से शनिवार को हल्द्वानी स्थित मधुबन वाटिका में हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल पुलिस परिवार की महिला कर्मियों, गृहणियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
महोत्सव की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों के स्वागत में पौधे भेंट कर की गई। साथ ही महिलाओं को पारंपरिक रूप से गजरा पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जिला जज नैनीताल की पत्नी मीनाक्षी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, उर्मिला पींचा, जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत, शिक्षाविद् डॉ. प्रभा पंत सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में जूरी सदस्य की भूमिका भी निभाई।
हरियाली तीज महोत्सव के दौरान पारंपरिक झूले, तीज क्वीन, सोलो डांस, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी और रैंडम सॉन्ग डांस जैसे राउंड आयोजित किए गए। महिलाओं और बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में सोलो डांस में मीनाक्षी प्रथम, आरती द्वितीय और जानकी भंडारी तृतीय रहीं। तीज क्वीन प्रतियोगिता में भावना पांडे प्रथम, शिवांगी जोशी द्वितीय और शीला मेहता तृतीय स्थान पर रहीं। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बसंती पुजारी प्रथम, पुष्पा टम्टा द्वितीय और गीता चौहान तृतीय रहीं।
मेहंदी प्रतियोगिता में अंजू भंडारी ने प्रथम, सुनीता बेनी ने द्वितीय और सीनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में आराध्या प्रथम, दीपा त्रिलोकी द्वितीय और रेनू अधिकारी तृतीय रहीं।
कार्यक्रम का संचालन महिला उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक एवं शालिनी मेहता ने किया। आयोजन के अंत में मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों और पुलिस परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से महिलाओं और परिवारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में भी इसी प्रकार के आयोजन किए जाने की बात कही।
महोत्सव को सफल बनाने में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, पीआरओ हेमा ऐठानी, प्रभारी साइबर सेल नीशू गौतम सहित पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं और पर्व का भरपूर आनंद उठाया।

