उत्तराखण्ड जनहित देहरादून नैनीताल न्यूज

वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों-श्रद्धालुओं का सैलाब, सड़कों पर उतरी पुलिस।

वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों-श्रद्धालुओं का सैलाब, सड़कों पर उतरी पुलिस।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल। बड़े वीकेंड और कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते नैनीताल जिले में यातायात का दबाव बढ़ गया है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थलों, मार्गों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर मोर्चा संभाल लिया है।

 

 

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि सड़क किनारे अनाधिकृत पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

 

 

 

आज शाम से वन-वे व्यवस्था लागू

पुलिस के अनुसार, शनिवार 3 अक्टूबर की शाम 5 बजे के बाद वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। भीमताल तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी की ओर एग्जिट कराया जाएगा। वहीं शाम 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे तक नियंत्रित किया जाएगा, ताकि बाहर निकलने वाले वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सके।

 

 

 

रविवार 4 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से नैनीताल, भीमताल और भवाली जाने वाले यातायात को करीब छह घंटे के लिए रोका जाएगा। इस दौरान नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और भवाली की ओर से आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता दी जाएगी।

 

 

 

पुलिस ने रविवार शाम 4 बजे के बाद नैनीताल, भीमताल और भवाली की ओर जाने वाले वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

 

 

 

कैंची धाम में श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा

कैंची धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निजी वाहनों की संख्या कम करने के लिए कार-पूलिंग का इस्तेमाल करने और शटल सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

 

 

 

एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना-यातायात पुलिस, सीपीयू और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।

 

 

 

पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करने, सड़क किनारे पार्किंग से बचने, वन-वे व डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने तथा गलत लेन और अनावश्यक ओवरटेक से बचने की अपील की है।