मुखानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से वांछित दो आरोपी गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। वांछित और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके निर्धारित पते से गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखानी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ललित बृजवासी (29) निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा चौपला को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ क्राइम नंबर 738/2019, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
वहीं, पुलिस ने नीरज दिवाकर (23) निवासी आदर्श नगर, थाना मुखानी को भी गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ क्राइम नंबर 2356/2023, धारा 323/504 भादवि के तहत मामला दर्ज था।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल गोपाल दत्त और कांस्टेबल शंकर सिंह शामिल रहे।

