ज्योलीकोट में जल जनित बीमारियों की स्थिति का सांसद अजय भट्ट ने लिया जायजा।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को ज्योलीकोट क्षेत्र में जल जनित बीमारियों के बाद चल रहे बचाव एवं उपचार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मरीजों को दिए जा रहे उपचार, जांच, दवाओं सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
सांसद ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के साथ ही नैनीताल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और प्रभावित लोगों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मृतकों के परिजनों से मिले सांसद
अजय भट्ट ने बीमारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद ने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है। यदि जांच में किसी व्यक्ति या विभाग की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
इस दौरान नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिला मंत्री पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोबिंद रावत और कैलाश जोशी मौजूद रहे।

