मुख्यमंत्री धामी की पहल से 8 वर्षीय देव के इलाज की राह आसान, सरकार उठाएगी पूरा खर्च।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
लोहियाहेड निवासी टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के 8 वर्षीय बेटे देव का होगा निःशुल्क उपचार
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के 8 वर्षीय पुत्र देव के इलाज की राह आसान हो गई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित उपचार की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और इलाज में आने वाला पूरा खर्च वहन करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, गत दिवस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां टिक्की खाई। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की गंभीर बीमारी के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। बच्चे का लंबे समय से उपचार चल रहा है और देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी उसका इलाज कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची। टीम ने ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एच.एस. ऐरी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में देव का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसके पूर्व में कराए गए उपचार व मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली।
चिकित्सकों ने बच्चे की वर्तमान स्थिति का परीक्षण करने के बाद आगे के उपचार के लिए सबसे पहले एमआरआई जांच कराने की सलाह दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर उपचार की आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बच्चे की एमआरआई जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय तक ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और आवश्यक सहायक उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चे के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस मानवीय पहल से देव के परिवार को उसके बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए धन्यवाद किया।

