काठगोदाम पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
काठगोदाम। दमुवाढूंगा स्थित आभूषण की दुकान से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी के मामले का काठगोदाम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल ऑल्टो कार बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को जय कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक ने काठगोदाम कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की कार से दुकान पर पहुंचे और करीब 95 हजार रुपये कीमत की गोल्ड चेन चोरी कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 105/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के प्रयासों के बाद 24 अगस्त 2026 को कुंवरपुर रोड, बागजाला, गौलापार क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु मौर्य (18 वर्ष), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी और अंतरिक्ष सागर (18 वर्ष), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार संख्या UK04F-1588 बरामद की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र राणा, हेड कांस्टेबल भुवन चंद और कांस्टेबल टीका राम शामिल रहे।

