उत्तराखण्ड देहरादून न्यूज वाइरल ख़बर

मंत्री कैड़ा ने सीएम धामी से की मुलाकात, भीमताल विधानसभा में आपदा से हुए नुकसान के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग।

मंत्री कैड़ा ने सीएम धामी से की मुलाकात, भीमताल विधानसभा में आपदा से हुए नुकसान के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश से हुए व्यापक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आपदा मद से प्रभावित क्षेत्रों के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।

 

 

 

मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में भारी वर्षा के कारण काफी नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि मकानों के आगे-पीछे भूस्खलन होने से लोगों के घरों पर खतरा बना हुआ है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि आपदा के कारण कई स्थानों पर पेयजल और विद्युत लाइनें ध्वस्त हो गई हैं। नदियों के कटाव से किसानों की कृषि भूमि बह गई है तथा कई मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर आवागमन प्रभावित कर रहे हैं।

 

 

 

मंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि भीमताल खुटानी नाले में अत्यधिक पानी आने के कारण भीमताल बाजार की कई दुकानों में पानी और मलबा भर गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घटना में भीमताल क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु भी हुई है।

 

 

 

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराने, प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने तथा क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।