भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर नैनीताल पुलिस सख्त, देहरादून के X हैंडल को नोटिस।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और भ्रामक प्रचार के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। कोतवाली हल्द्वानी में दर्ज एक मामले की चल रही विवेचना के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक, मनगढ़ंत और तथ्यहीन पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले में पुलिस ने देहरादून के एक X (ट्विटर) हैंडल को आधिकारिक नोटिस जारी किया है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित X हैंडल से बिना किसी आधिकारिक पुष्टि और तथ्यों की सत्यता जांचे उच्चाधिकारियों के संबंध में भ्रामक एवं निराधार टिप्पणियां प्रसारित की जा रही थीं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना पोस्ट से लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने के साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।
मामले का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने संबंधित X यूजर को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि के भीतर तथ्यात्मक एवं स्पष्ट जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधि के अनुसार अग्रिम एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से भी अपील की है कि किसी भी संवेदनशील मामले में बिना सत्यापन के भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी प्रसारित करने से बचें।

