मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की चौपाल में 105 ग्रामीणों ने लिया भाग।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
धारी, 24 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के चौथे दिन सोमवार को विकासखंड धारी में आईईसी वैन के माध्यम से विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। अभियान के तहत मटियाल, पदमपुरी, भालूगाड़, कसियालेख, शशबनी एवं सुनकिया में ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
रीप (ग्रामोत्थान) एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की टीम ने ग्राम पंचायतों में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के साथ ही ग्राम्य विकास और स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। आयोजित चौपालों में करीब 105 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के लाभार्थी अर्जुन बिष्ट के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करते हुए Meesho पर ऑनलाइन मार्केट लिंकेज किया गया। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पाद ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने और व्यापक स्तर पर ग्राहकों से जुड़ने में मदद मिलेगी।

