रामनगर के होटल में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी, तीन युवक गिरफ्तार
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। रामनगर में एक होटल में पत्थरबाजी कर शीशे तोड़ने और अराजकता फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को थाना रामनगर को सार्वजनिक स्थान पर झगड़े और अराजकता की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। होटल स्वामी अतुल अग्रवाल और होटल कर्मचारी धीरज ने पुलिस को बताया कि तीन युवकों ने पत्थर मारकर होटल के शीशे तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों की तलाश शुरू की और उन्हें टेढ़ा रोड, रामनगर स्थित किराए के मकान से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद सार्वजनिक स्थान पर अराजकता, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ से शांति व्यवस्था प्रभावित होने तथा अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए तीनों के खिलाफ धारा 172(2) BNSS के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- अक्षय (20) पुत्र नरेंद्र, निवासी ग्राम कुंगर, थाना भवानी खेड़ा, जिला भिवानी, हरियाणा।
- सागर चौहान (20) पुत्र धर्मवीर चौहान, निवासी ग्राम खेड़ीशेर खान, थाना कलायत, जिला कैथल, हरियाणा।
- सचिन यादव (20) पुत्र भूपेन्द्र यादव, निवासी ग्राम बिहारी, थाना अटेली, तहसील नारनौल, जिला महेन्द्रगढ़, हरियाणा।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ललित कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल गगन सिंह, कांस्टेबल महबूब खान और कांस्टेबल संजय सिंह शामिल रहे।

