उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर

भीमताल में 16 होम स्टे का औचक निरीक्षण, 3 पर जुर्माना और 7 को नोटिस।

भीमताल में 16 होम स्टे का औचक निरीक्षण, 3 पर जुर्माना और 7 को नोटिस।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

भीमताल/नैनीताल, 18 अगस्त 2026। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर पर्यटन विभाग की टीम ने मंगलवार को भीमताल क्षेत्र में होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 16 होम स्टे इकाइयों की जांच की गई। मानकों का पालन नहीं करने पर 3 इकाइयों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि 7 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

 

 

 

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या के नेतृत्व में पर्यटन विभाग की टीम ने होम स्टे इकाइयों में पंजीकरण, सुविधाओं और निर्धारित मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान तीन इकाइयों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। जुर्माने की कार्रवाई Pio Palace, Lake Mount और Rose Mary सहित अन्य इकाइयों पर की गई।

 

 

 

वहीं, सात होम स्टे इकाइयों में गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं पाए जाने पर संचालकों को तीन दिन का समय देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। नोटिस प्राप्त करने वालों में सरोज कुमार दुर्गा, श्याम नारायण गुप्ता, रिमानी जोशी, ममता जोशी, अफसर खान और अंशुमन मोहता सहित अन्य संचालक शामिल हैं।

 

 

 

निरीक्षण के दौरान राघवेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह घुराल, तनवेन्द्र शेखर, सुरभा होम स्टे और दीप विला होमस्टे में गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध पाई गई। वहीं कुछ होम स्टे इकाइयां निरीक्षण के दौरान बंद मिलीं।

 

 

 

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सभी होम स्टे संचालकों को पंजीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।