उत्तराखण्ड उधम सिंह नगर न्यूज वाइरल ख़बर

584 परिवारों की जिंदगी पर मंडरा रहा सीवेज का खतरा, STP व्यवस्था पर उठे सवाल।

584 परिवारों की जिंदगी पर मंडरा रहा सीवेज का खतरा, STP व्यवस्था पर उठे सवाल।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

काशीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गंगापुर गोसाई, कुंडेश्वरी रोड स्थित आवासीय परिसर में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की व्यवस्था को लेकर 584 आवासीय परिवारों के लाभार्थियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। लाभार्थियों ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी और एसडीएम काशीपुर को शिकायत भेजकर STP की तत्काल स्थलीय जांच कराने की मांग की है।

 

 

 

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि STP के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। बारिश के दौरान नालियां उफनने और गंदा पानी फैलने से परिसर में जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लाभार्थियों ने कहा कि सीवेज व्यवस्था में लापरवाही का असर बच्चों, बुजुर्गों समेत सभी निवासियों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

 

 

 

लाभार्थियों ने STP परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्लांट के प्रवेश द्वार पर पर्याप्त सुरक्षा, गेट-तालों और चेतावनी बोर्ड की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों अथवा अन्य लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।

 

 

 

शिकायत में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से STP की कार्यक्षमता, क्षमता और निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप संचालन की जांच कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही STP से निकलने वाले उपचारित पानी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच और नालियों में गंदे पानी के प्रवाह की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग भी की गई है।

 

 

 

लाभार्थियों ने STP के संचालन एवं रखरखाव के लिए जिम्मेदार निर्माण कंपनी अथवा संबंधित संस्था की जिम्मेदारी तय करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीवेज की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

 

 

 

खुशी, हरदीप शर्मा एडवोकेट, रवि कुमार, ज्योति, अमित, वीरेंद्र पाल, राजवीर, राहुल कुमार समेत अन्य शिकायतकर्ताओं ने कहा कि मामला महज सफाई व्यवस्था का नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य, पर्यावरण और सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में पूरे मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

 

 

वहीं, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण कराया जाएगा और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।