उत्तराखण्ड देहरादून न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

विजयपुर-पहाड़पानी मोटर मार्ग निर्माण का मामला उठा, ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट से लगाई गुहार।

विजयपुर-पहाड़पानी मोटर मार्ग निर्माण का मामला उठा, ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट से लगाई गुहार।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग से जुड़े वन भूमि प्रकरण को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट से मुलाकात की। ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित मोटर मार्ग निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की।

 

 

 

ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किमी 0.000 से किमी 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण का मामला वन भूमि के कारण लंबित है। इसके लिए करीब 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

 

 

 

ग्रामीणों ने वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी सांसद को सौंपा। पत्र में वन भूमि के प्रत्यावर्तन को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, मामले में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून से सैद्धांतिक एवं विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

 

 

 

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु से पत्राचार करने के साथ ही दूरभाष पर वार्ता कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने विजयपुर गांव के ग्रामीणों की समस्या के समाधान और सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।