SIR के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर रविवार को रामनगर में SIR प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रणजीत रावत और नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शन की शुरुआत नगर पालिका परिषद परिसर से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में लखनपुर चौक पहुंचे। यहां राष्ट्रगान के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले का दहन किया गया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि SIR के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे लोगों के लोकतांत्रिक और मतदान के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
पूर्व विधायक रणजीत रावत ने कहा कि SIR के माध्यम से करोड़ों लोगों के वोट काटे गए हैं और इसे संवैधानिक अधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर उनके मतदान के अधिकार को प्रभावित किया जाता है तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने कहा कि SIR के मुद्दे पर उसका विरोध केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार रामनगर के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी भेजा।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष रामनगर देशबंधु रावत, नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष ललिता उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल खुलासा, भुवन पांडेय, हेमवती नंदन दुर्गापाल, नीरज तिवारी, शोभा बिष्ट, कैलाश रेखाड़ी, ओम प्रकाश राय, विकास कुमार, सूरज रावत, मो. यूसुफ, बाबर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

