जेल परिसर में हत्या की साजिश नाकाम, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात होने से पहले टाला।
संपादक – गुरजोत सिंह राठौर
हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश का पुलिस ने समय रहते खुलासा कर दिया। जेल में अपने मित्र से मिलने पहुंचे बाजपुर निवासी युवक का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित वारदात टल गई।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को अराज सिंह सिद्धू अपने मित्र से मिलने बाजपुर से हल्द्वानी जेल पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश के तहत युवक को जान से मारने की धमकी दी।
मामले की सूचना मिलने के बाद 25 अगस्त को थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने जेल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों की बारीकी से जांच की।
CCTV फुटेज और पुलिस की सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने सौरभ बावा, मानव वाट और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों की उम्र 24 से 25 वर्ष के बीच है।
पहले ही पकड़ा जा चुका है एक साथी
इस पूरे मामले में पुलिस की जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपियों का एक साथी जतिन्द्र सिंह 24 अगस्त को ही अवैध 315 बोर तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उनके खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और CCTV विश्लेषण को इस मामले में अहम माना जा रहा है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

