कैंचीधाम में 150 मीटर गहरी खाई में गिरा दूध पिकअप वाहन, तीन घायल।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
तड़के नदी के पास दिखी वाहन की लाइट, सूचना मिलते ही पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
कैंचीधाम। कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। केरल ढाबे के पास दूध से भरा पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरकर नदी के पास जा पहुंचा। हादसे की सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और वाहन में फंसे तीन लोगों को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने सड़क से नीचे खाई में नदी के पास किसी वाहन की लाइट जलती हुई देखी। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर तत्काल कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने जोखिम उठाते हुए तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में अंकित सिंह (33), निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, जो वाहन चालक है, बॉबी (22), निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी और मोहम्मद साकिब (11), निवासी हल्द्वानी घायल हुए हैं।
तीनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी कैंचीधाम उपनिरीक्षक विजय कुमार, एएसआई विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे। पुलिस की तत्परता से खाई में फंसे तीनों घायलों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

