उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

छात्र संघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग किया तो होगी सख्त कार्रवाई, SSP ने दिए कड़े निर्देश।

छात्र संघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग किया तो होगी सख्त कार्रवाई, SSP ने दिए कड़े निर्देश।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की आड़ में गुटबाजी, हुड़दंग, रैश ड्राइविंग, अघोषित रैली या यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

देर रात दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान कुर्सियां तोड़ी गईं और हेलमेट व लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस जांच में फिलहाल किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

 

 

 

मामले में दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

 

 

 

SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने छात्र संघ चुनाव से जुड़े प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट किया है कि चुनावी गतिविधियां कॉलेज कैंपस की निर्धारित सीमाओं के भीतर ही रहेंगी। कैंपस के बाहर सभी के लिए कानून समान रहेगा। चुनाव को लेकर शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

 

 

पुलिस के अनुसार, शाम 5 से 6 बजे के बाद छात्रों के गुट बनाकर शहर में घूमने, होटल, रिजॉर्ट, ढाबे या कैफे में अड्डेबाजी करने, वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालने, रैश ड्राइविंग करने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

 

 

 

SSP ने कहा कि हल्द्वानी की जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्र संघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है, इसलिए सभी छात्र नियमों और कानून का पालन करें।

 

 

 

नैनीताल पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कैंपस में चुनावी गतिविधियां करें, लेकिन कैंपस के बाहर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।