उत्तराखण्ड क्राइम नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

मुखानी पुलिस ने इंटर-स्टेट नकबजन गैंग का किया खुलासा, ढाई लाख के जेवरात समेत एक आरोपी गिरफ्तार।

मुखानी पुलिस ने इंटर-स्टेट नकबजन गैंग का किया खुलासा, ढाई लाख के जेवरात समेत एक आरोपी गिरफ्तार।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक इंटर-स्टेट नकबजन गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गैंग द्वारा उत्तराखंड समेत चार राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है। गैंग के दो अन्य सदस्य फिलहाल कर्नाटक पुलिस की गिरफ्त में बताए जा रहे हैं।

 

 

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में चोरी व नकबजनी की घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

 

 

 

घर का ताला तोड़कर उड़ाए थे जेवरात और नगदी

पुलिस के मुताबिक, 27 से 30 अगस्त 2026 के बीच मुखानी क्षेत्र के लालपुर नायक में एक घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली गई थी। मामले में नवीन पनेरु की तहरीर पर कोतवाली मुखानी में FIR संख्या 137/2026 दर्ज की गई थी।

 

 

 

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को ग्रिनवुड ग्लोबल स्कूल के पास से तारिक फहीम (45) निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।

 

 

 

आरोपी के कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो पीली धातु के टॉप्स और दो सफेद धातु की पायल बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

 

 

 

चार राज्यों में वारदातों का खुलासा

पूछताछ में तारिक फहीम ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों कदीर और जफर, दोनों निवासी अकरौली, सम्भल के साथ मिलकर मुखानी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी का माल तीनों ने आपस में बांट लिया था। तारिक अपने हिस्से के जेवरात बेचने के लिए हल्द्वानी आया था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

 

 

पुलिस जांच में गैंग की गतिविधियां उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक तक सामने आई हैं। इनमें मुखानी, बनियाठेर, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और कर्नाटक के उडुपी में चोरी की घटनाओं का पता चला है।

 

 

 

पुलिस के अनुसार, गैंग के दो अन्य सदस्य कदीर और जफर को कर्नाटक पुलिस ने हाल ही में एक अन्य आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों के संबंध में संबंधित पुलिस से जानकारी जुटाई जा रही है।

 

 

 

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।

 

 

 

पुलिस की इस कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने टीम के लिए 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मी को अलग से पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।

 

 

 

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपा भट्ट, उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी, कांस्टेबल सुनील आर्य और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।