नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगा रैली से गूंजा शहर।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
नैनीताल। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को नैनीताल जिले में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मंत्री ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव तक विकास पहुंचाना और प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। महिलाओं की सुरक्षा, सड़कों को गड्ढामुक्त करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने लोगों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने उन्हें 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई गई।
इसके बाद प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। गांधी चौक पर व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। देशभक्ति के नारों से नैनीताल गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस पर वन विभाग की ओर से ठंडी सड़क पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी समेत अन्य लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। वहीं मल्लीताल वोट स्टैंड से नाव रैली भी निकाली गई।
नैनीताल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। प्रभारी मंत्री ने अभियान में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रमों में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, एसपी जगदीश चंद्र, एडीएम विवेक राय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कमिश्नरी कार्यालय में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने ध्वजारोहण किया। वहीं विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिले के विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों में भी ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

