उत्तराखण्ड नैनीताल वाइरल ख़बर

रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम सुनवाई से पहले अलर्ट मोड पर नैनीताल पुलिस।

रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम सुनवाई से पहले अलर्ट मोड पर नैनीताल पुलिस।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

बनभूलपुरा में पुलिस बल की ब्रीफिंग, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात

हल्द्वानी। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गईं। बनभूलपुरा क्षेत्र में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से ब्रीफ किया गया।

 

 

 

कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को सरकारी कार्रवाई के दौरान संयम के साथ ड्यूटी करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

पुलिस के अनुसार निर्णय के बाद शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/एडिशनल एसआई, 10 महिला एसआई/एडिशनल एसआई तथा 229 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की 2 कंपनियां और ड्रोन की 2 टीमें भी तैनात रहेंगी।

 

 

 

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो यूनिट, दो टियर गैस टीमें, दो एंटी रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड समेत अन्य विशेष संसाधनों को भी तैयार रखा गया है।

 

 

 

पुलिस द्वारा बनभूलपुरा क्षेत्र में धरातलीय और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। ड्रोन से छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

 

 

 

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार या हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने, शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।