उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर स्वास्थ

आजादी के 75 साल बाद नदगल गांव पहुंचेगी सड़क, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ।

आजादी के 75 साल बाद नदगल गांव पहुंचेगी सड़क, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

धारी। धारी ब्लॉक की ग्रामसभा महतोलियागांव-नदगल के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सड़क का सपना अब पूरा होने जा रहा है। आजादी के बाद से सड़क सुविधा से वंचित गांव में मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।

 

 

 

ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में परेशानी होती थी। मरीजों को घोड़े या कंधे पर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता था। वहीं किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में मिलने वाली कीमत का बड़ा हिस्सा किराये-भाड़े में खर्च करना पड़ता था।

 

 

 

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क निर्माण की मांग रखी गई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क निर्माण की मांग की। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई और मुख्यमंत्री से निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराने का प्रयास किया गया।

 

 

 

धनराशि स्वीकृत होने के बाद मंत्री कैड़ा ने सोमवार को मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा। उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

 

 

 

सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार जताया।

 

 

 

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार, विवेक डंगवाल समेत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।