हल्द्वानी में स्कूटी से शराब तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार, 96 पव्वे बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद किए हैं। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी की हीरानगर चौकी पुलिस ने पंत कॉलोनी में आरा मशीन के सामने चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार को अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जाते हुए पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरबंश कुमार पुत्र स्व. लक्ष्मी प्रसाद, निवासी गांधीनगर, वार्ड नंबर 27, थाना बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी संख्या UK04AN9578 को भी कब्जे में लिया।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा संख्या 348/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत कुमार राठौड़, कांस्टेबल ललित नाथ और कांस्टेबल अरविंद राणा शामिल रहे।






