उत्तराखण्ड नैनीताल राजनीति रामनगर स्वास्थ

रामनगर अस्पताल की बदहाल सेवाओं पर आंदोलन शुरू, 4 नवंबर तक सुधार नहीं हुआ तो होगा जनप्रतिनिधियों का घेराव।

रामनगर अस्पताल की बदहाल सेवाओं पर आंदोलन शुरू, 4 नवंबर तक सुधार नहीं हुआ तो होगा जनप्रतिनिधियों का घेराव।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

रामनगर। रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। बुधवार को लखनपुर सब्जी मंडी चौराहे पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। आंदोलन को नगर पालिका के वार्ड नंबर 1, 3 और 20 के सभासद नवीन सुनेजा, सचिन कुमार और एडवोकेट विक्रम भट्ट ने भी समर्थन दिया।

 

 

 

संयुक्त संघर्ष समिति की मांग है कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाए। इसके अलावा सीटी स्कैन, आईसीयू और वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने, सभी प्रकार की जांच शुरू करने और ब्लड बैंक को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग उठाई गई।

 

 

 

राज्य आंदोलनकारी एवं उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी के संचालन में हुई सभा में वक्ताओं ने अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि रामनगर अस्पताल रामनगर के साथ ही कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र है। पहाड़ से गंभीर हालत में मरीज यहां पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे इलाज में देरी होती है और कई बार मरीजों की जान पर भी बन आती है।

 

 

 

वक्ताओं ने कहा कि समिति इस समस्या को लेकर सीएमओ, एसडीएम, जिलाधिकारी, स्थानीय विधायक, सांसद, स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री तक अपनी मांगें पहुंचा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में समिति नुक्कड़ सभाओं और पर्चा वितरण के जरिए लोगों को जागरूक कर रही है तथा मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर जुटाए जा रहे हैं।

 

 

 

4 नवंबर तक सुधार नहीं हुआ तो घेराव

संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि 4 नवंबर 2026 तक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया, तो विधायक, सांसद और मंत्रियों का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 5 नवंबर को धरना-प्रदर्शन कर सैकड़ों नागरिकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन एसडीएम रामनगर के माध्यम से शासन-प्रशासन को भेजा जाएगा।

 

 

 

समिति के सदस्य प्रभात ध्यानी ने बताया कि आने वाले दिनों में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं तथा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका सभासदों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों, नगर पालिका अध्यक्ष और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

 

 

 

सभा में धीरेंद्र प्रताप, नवीन सुनेजा, सचिन कुमार, विक्रम भट्ट, मुनीष कुमार, मनमोहन अग्रवाल, भुवन, तुलसी छिम्बाल, गिरीश चंद्र आर्य, आसिफ, जमन, रवि और वी.डी. नैनवाल सहित संघर्ष समिति के कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।