Orange Alert के बीच नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने पुलिस और आपदा राहत इकाइयों को दिए सतर्क रहने के निर्देश
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर 2026 को नैनीताल जिले में Orange Alert जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य आपदा राहत इकाइयों को भी आपदा उपकरणों एवं आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।
एसएसपी ने अधिकारियों को नदी-नालों, गधेरों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जलस्तर बढ़ने या किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए जागरूक करने तथा संभावित खतरे वाले स्थानों से दूर रखने के भी निर्देश दिए हैं।
पुलिस की लोगों से अपील
नैनीताल पुलिस ने जिलेवासियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों से नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या आपदा राहत दल से संपर्क करने की अपील की गई है।

