एशियन चैंपियनशिप में पदकों की उम्मीद, उत्तराखंड के 13 खिलाड़ी UAE रवाना।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखंड का परचम लहराने के लक्ष्य के साथ प्रदेश की 13 सदस्यीय मॉडर्न पेंटाथलॉन टीम 10 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए रवाना हो गई। टीम 2026 AMPC Asian Open Biathle, Triathle & Laser Run Championships में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश के लिए पदक जीतने की उम्मीद है।
UAE में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के तहत 12 नवंबर को एशियन ओपन लेजर रन चैंपियनशिप और 13 से 15 नवंबर तक एशियन ओपन बायथल एवं ट्रायथल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने लंबे समय तक कड़ा अभ्यास किया है।
टीम में आदित्य नेगी, करण नेगी, यशवर्धन सिंह चौहान, युक्ति चतुर्वेदी, सौर्य पटेल, अंश बिष्ट, ममता खाती, डिंपल, कनिष्क जोशी, तनिष्क जोशी, भार्गवी रावत, रघुवर्धन जोशी और दीपांशी भारद्वाज शामिल हैं।
मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (MPAU) के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज भल्ला, सचिव एवं मुख्य कोच दयाल सिंह, कोऑर्डिनेटर एवं कोच सुनीता चौहान, कोषाध्यक्ष आनंद सिंह बोरा, संयुक्त सचिव अनुराग पंत, रमेश खरकवाल और गोपाल बिष्ट ने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की।
इसके अलावा जिला खेल अधिकारी ऊधम सिंह नगर, जिला खेल अधिकारी नैनीताल नीरमला पंत, जानकी कार्की और विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों की वापसी पर प्रदेश में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। टीम की यह भागीदारी उत्तराखंड में मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल को नई पहचान देने के साथ ही युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।






