उत्तराखंड में आज से शुरू होगी मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
CM धामी करेंगे योजना का शुभारंभ, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
देहरादून, 7 सितंबर। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में आज से ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली युवा की तैयारी प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना है।
युवाओं को UPSC और राज्य लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यह योजना खासतौर पर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वे घर बैठे ही अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

