उत्तराखण्ड क्राइम न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

गुलाबघाटी में पैराफिट से टकराकर खाई में गिरी बुलेट, काठगोदाम पुलिस ने चालक को किया रेस्क्यू।

गुलाबघाटी में पैराफिट से टकराकर खाई में गिरी बुलेट, काठगोदाम पुलिस ने चालक को किया रेस्क्यू।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। गुलाबघाटी में देर रात एक बुलेट मोटरसाइकिल पैराफिट से टकराकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद चालक नीचे गधेरे में पेड़ और झाड़ियों के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

 

 

 

जानकारी के मुताबिक 9 सितंबर 2026 की रात करीब 1:07 बजे थाना काठगोदाम को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक बुलेट दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है और उसका चालक मौके पर दिखाई नहीं दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

 

 

 

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश की तो भद्यूनी जाने वाले मार्ग के पास हनुमान मंदिर के समीप बुलेट संख्या DL8SDS5488 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। राहगीरों से जानकारी मिली कि चालक पैराफिट से टकराने के बाद नीचे गधेरे में गिर गया है। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खाई में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद घायल चालक पेड़ और झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया।

 

 

 

पुलिस कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू कर घायल को सुरक्षित बाहर निकाला और पीसी-04 वाहन से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया। पुलिस के अनुसार घायल नशे की स्थिति में प्रतीत हो रहा था और बोलने की स्थिति में नहीं था, हालांकि वह होश में था। चिकित्सकों ने उसके पैर में चोट बताई है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

 

 

 

ई-चालान एप के जरिए वाहन की जांच करने पर बुलेट दारा सिंह पुत्र भगवान दास, निवासी नेहरू इन्कलेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल उनके जमाई भूपेश कुमार (लगभग 42 वर्ष), निवासी रोहिणी, दिल्ली द्वारा किसी कार्य से दिल्ली से काठगोदाम लाई गई थी।

 

 

 

काठगोदाम पुलिस की तत्परता से घायल को समय रहते खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।