खताड़ी में जर्जर कूड़ाघर बना परेशानी का सबब, लोगों ने नगरपालिका से समाधान की माग।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। खताड़ी क्षेत्र में नॉर्मल स्कूल गेट के समीप नगरपालिका परिषद द्वारा बनाए गए कूड़ाघर की जर्जर हालत स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। लंबे समय से कूड़ाघर की मरम्मत नहीं होने के कारण यहां जमा कूड़ा खुले में फैल रहा है। आवारा जानवर कूड़े को इधर-उधर बिखेर देते हैं, जिससे आसपास गंदगी का आलम बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ाघर के आसपास लोग अपने वाहन भी खड़े कर देते हैं। इससे लोगों को कूड़ा डालने में परेशानी होती है और कई बार लोग मजबूरी में सड़क किनारे कूड़ा फेंक देते हैं। इसके चलते क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने आशंका जताई कि लंबे समय तक गंदगी बनी रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय निवासी नाईदै, अमान, अरमान, रुकसार, इकरा, फैसल, कलसुम, रिजवान सहित अन्य लोगों ने नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर जर्जर कूड़ाघर की मरम्मत कराने और कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने नगरपालिका से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की स्थिति और खराब हो सकती है।

