ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था वारंटी, बनभूलपुरा पुलिस ने घर से दबोचा।
गुरजोत सिंह राठौर- सवांददाता
हल्द्वानी। न्यायालय से जारी वारंट के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा आरोपी आखिरकार बनभूलपुरा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए वारंटी अभियुक्त मकसूद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में वांछित एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वारंटी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार मकसूद पुत्र मंसूर, उम्र 32 वर्ष, निवासी काबुल का बगीचा, इंद्रानगर, बनभूलपुरा के खिलाफ क्राइम केस नंबर 4418/22 में धारा 380, 411 और 457 भादवि के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर टीम ने दबिश दी और 13 अगस्त को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय द्वारा जारी वारंट की प्रति दिखाते हुए विधिक कार्रवाई पूरी की।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव और कांस्टेबल लक्ष्मण राम शामिल रहे।

